सावधान : हिप्नोटाइज कर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय…,एक घटना में भगवान के साक्षात दर्शन कराने के नाम पर दो महिलाओं से लाखों रुपये के गहने की ठगी और एक घटना में सम्मोहित कर ठगों ने महिला से गहने उतरवा लिए…,इन मामलों में सम्मोहन विद्या जानने वाला गिरोह सक्रिय हो सकता है…

सावधान : हिप्नोटाइज कर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय…,एक घटना में भगवान के साक्षात दर्शन कराने के नाम पर दो महिलाओं से लाखों रुपये के गहने की ठगी और एक घटना में सम्मोहित कर ठगों ने महिला से गहने उतरवा लिए…,इन मामलों में सम्मोहन विद्या जानने वाला गिरोह सक्रिय हो सकता है…

पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही।मनेंद्रगढ़ (CG MP TIMES/21 दिसम्बर 2024) :
मरवाही में भगवान के साक्षात दर्शन कराने के नाम पर दो महिलाओं से लाखों रुपये के आभूषणों की ठगी की गई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी के मदद से ठगों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। ऐसी ही घटना मनेंद्रगढ़ में भी घटित हुई है जहां दो युवकों ने महिला और युवती को सम्मोहित कर उनसे गहने ठग लिए। दोनों घटनाओं को देखकर लगता है कि किसी गिरोह के सदस्य अलग अलग जगहों पर जालसाजी की ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

मरवाही में राधा कृष्ण मंदिर के पास दो महिलाएं श्वेता जायसवाल और सुनीता साहू मंदिर के पास ही बैठी हुई थी। इसी दौरान बाइक में तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे और महिलाओं से बातचीत कर साक्षात भगवान के दर्शन करा देने का दावा करने लगे, साथ ही खुद को भगवान का दूत भी अपने आपको बताने लगे। महिलाओं में से एक महिला से ठगों ने उनके मां के बारे में पूछा और बीमार होने की बात कही। इसके बाद अपने ही लोगो से पैसे लेकर उन्हे भगवान के दर्शन हो जाने का झूठा दिखावा भी किया।

यह सब देख दोनों महिलाएं भी ठगों की बातों में आ गईं। जब महिलाएं उनके झांसे में आ गई तो ठगों ने भगवान का दर्शन करवाने की बात कहते हुए महिलाओं के पहने हुए आभूषण को उतरवा कर पर्स में रखवा दिया और जब महिलाएं आभूषण उतारने में संकोच करने लगी, तो ठगों ने आभूषण पहने रहने में भगवान के दर्शन न होने का डर भी दिखाया।

इन सब के बीच चालाकी से ठगों ने दोनों महिलाओं से लगभग 1 लाख कीमती 14 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, 3 ग्राम सोने का मंगलसूत्र और मोबाइल सभी को पर्स में रखवाने के बाद कुछ दूर पैदल चलने के लिए कहा-पैदल चलते ही कुछ दूर में भगवान के साक्षात दर्शन होंगे, सुन महिलाएं जैसे ही कुछ दूर पैदल चले बाइक सवार अज्ञात ठग मौके से सभी गहने लेकर रफूचक्कर हो गए। इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने मरवाही पुलिस से ठगी होने की शिकायत की। मामले में पुलिस अज्ञात ठगों के खिलाफ ठगी का अपराध दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हिप्नोटाइज कर महिला के सोने की बाली और चेन ले उड़े ठग

एमसीबी जिले के नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में शुक्रवार को एक महिला अपनी 22 वर्षीय भतीजी के साथ मंदिर गई थी। महिला को 2 युवकों ने सम्मोहन के जाल में फंसा लिया। उसकी समस्याएं दूर करने का झांसा देकर सोने की बाली व चेन ले उड़े। शिकायत पर जब पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि महिला व युवती 2 युवकों के पीछे-पीछे चल रही हैं। इस बारे में पूछने पर दोनों ने बताया कि उस समय क्या हो रहा था, उन्हें जानकारी नहीं है। वे अपनी सुध-बुध खो बैठी थीं। पुलिस आरोपियों की खोजबीन में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 9 में जबलपुर निवासी महिला सुनीता जैन पारिवारिक समारोह में शामिल होने आई थी। वह शुक्रवार की सुबह अपनी भतीजी के साथ सुबह 9.30 बजे मंदिर जा रही थी। इसी बीच 2 अज्ञात व्यक्तियों ने महिला से उनका भविष्य बताने व उनकी जिंदगी में हो रही समस्याओं की जानकारी देने की बात कही।

फिर महिला को अपनी बातों से सम्मोहित कर एक बोतल पानी मंगाया। उसके बाद महिला के दोनों कान की बाली व गले में पहनी हुई चेन मांगी। आरोपियों ने महिला से कहा कि गहनों में सूतक लगा है।

गहने लेने के बाद महिला से 10 कदम आगे चलने को कहकर दोनों वहां से फरार हो गए। कुछ समय के बाद महिला को आभास हुआ कि उसके कान की बाली व गले की चेन गायब हैं। तब उसने अपने परिचितों को जानकारी दी और थाने में रिपोर्ट लिखवाई।