छत्तीसगढ़ : शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर लगा सवा माह के लिए प्रतिबंध…

छत्तीसगढ़ : शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर लगा सवा माह के लिए प्रतिबंध…

पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (CG MP TIMES/13 फरवरी 2025) :
छत्तीसगढ़ विधानसभा में होने वाले बजट सत्र के कारण जीपीएम जिले के शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों के अवकाश पर जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने प्रतिबन्ध लगा दिया है। 13 फरवरी को जारी किया गया यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से 21 मार्च 2025 तक चलेगा। इस बीच समस्त शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिला जीपीएम की कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने आदेश जारी कर समस्त अधिकारियों कर्मचारियों के अवकाश पर 21 मार्च तक के लिए रोक लगा दिया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा सत्र में विधायकों के द्वारा प्रश्न लगाए जाते हैं। जिनके उत्तर संबंधित विभागों के शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से विधानसभा भेजा जाता है। विधायकों द्वारा जो प्रश्न लगाए जाते हैं, वह प्रश्न काफी दिन पहले ही विधानसभा में लगा दिए जाते हैं, जिससे कि जिस दिन उस प्रश्न का उत्तर विधानसभा में संबंधित विभागीय मंत्री को देना होता है उसके काफी दिन पहले ही विभाग से सभी जानकारी मंगा ली जाती है। जिससे कि संबंधित विभाग के मंत्री द्वारा विधायक के प्रश्न का उचित जवाब विधानसभा में दिया जा सके।

यही कारण है कि जीपीएम जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने समस्त विभागों के शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों की छुट्टी पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे कि किसी भी विभाग से संबंधित प्रश्न विधानसभा में लगाए जाने की स्थिति में जिले से उसका समुचित जवाब सही समय पर भेजा जा सके।

जारी आदेशानुसार विशेष परिस्थितियों में कर्मचारियों की छुट्टी सम्बन्धित विभागीय अधिकारी के द्वारा एवं विभागीय अधिकारी की छुट्टी कलेक्टर द्वारा स्वीकृत की जाएगी।