जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव : गुटबाजी के कारण भाजपा संगठन ने अधिकृत प्रत्याशी घोषणा में की चूक, भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों को करना पड़ा हार का सामना, जबकि भाजपा के ही समीरा पैकरा और राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने जीपीएम जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव जीता…
पेण्ड्रा।गौरेला।मरवाही (CG MP TIMES/07 मार्च 2025) :
नवगठित जिला गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के पहले जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव समीरा पैकरा एवं उपाध्यक्ष का चुनाव राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने जीत लिया है। दोनों जीतने वाले प्रत्याशी भाजपा पार्टी से ताल्लुक रखते हैं और दोनों ने ही भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों को चुनाव हराकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद पर कब्जा किया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की गुटबाजी देखने को मिली जब भाजपा संगठन के एक धड़े ने प्रदेश नेतृत्व को गलत जानकारी भेजकर जिला पंचायत सदस्यों के अधिक संख्या बल वाले जिला पंचायत सदस्य को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का प्रत्याशी न बनाकर कम संख्या बल वाले जिला पंचायत सदस्य को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित करवा दिया। जिसके बाद चुनाव स्थल बनाए गए एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना कार्यालय पेण्ड्रारोड में भाजपा संगठन के नेता दो धड़ों में बंट गए और दूसरे धड़े ने भी अध्यक्ष पद के लिए समीरा पैकरा और उपाध्यक्ष पद के लिए राजा उपेंद्र बहादुर सिंह को नामांकन भरवा दिया।
सबसे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव हुआ जिसमें समीरा पैकरा ने भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी राजेश नंदिनी सिंह अर्मो को 6 वोटों के मुकाबले 4 वोटों के अंतर से हरा दिया। राजेश नंदिनी सिंह अर्मो रिश्ते में मरवाही विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची की बहन लगती है। विधायक प्रणव मरपच्ची की जिद के कारण ही भाजपा ने राजेश नंदिनी सिंह अर्मो को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया था।
इसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ, जिसमें राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी श्याममणि बृजलाल राठौर 6 वोटों के मुकाबले 4 वोटों के अंतर से हरा दिया।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर जीतने और हारने वाले भाजपा के ही हैं। जीपीएम जिले में भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा में चूक हुई है। जबकि पहले से ही स्पष्ट रूप से दिख रहा था कि भाजपा नेता समीरा पैकरा और राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कांग्रेस के दो और दो निर्दलीय जिला पंचायत सदस्यों को अपने पाले में मिला लिया था, जिससे इनकी संख्याबल 6 सदस्यों की हो गई थी। यदि भाजपा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का प्रत्याशी समीरा पैकरा और राजा उपेंद्र बहादुर सिंह को घोषित करती तो बहुत बड़ी संभावना थी कि अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हो सकता था। क्योंकि जीपीएम जिले में कांग्रेस से कोई भी इस पद के दावेदारी के लिए सामने नहीं आए थे।
जीत के बाद लगे मोदी-साय के जिंदाबाद के नारे
दोनों की जीत के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी करते हुए नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, विष्णुदेव साय जिंदाबाद, भाजपा जिंदाबाद का नारा लगाया।
जीत के बाद भाजपा कार्यालय पहुंचे नव निर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष
जीत के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा और उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह बीजेपी के जिला कार्यालय गौरेला पहुंचे। वहां उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों का आतिशी स्वागत किया।
भाजपा विधायक प्रणव मरपच्ची ने कांग्रेस की जीत बताया जबकि भाजपा महामंत्री ने जीतने वालों को बताया भाजपाई
चुनाव परिणाम आने के बाद मरवाही के भाजपा विधायक प्रणव मरपच्ची ने जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव जीतने वाले समीरा पैकरा और राजा उपेंद्र बहादुर सिंह को कांग्रेस की जीत बताया है। जबकि भाजपा जिला महामंत्री राकेश चतुर्वेदी ने दोनों जीतने वालों को भाजपाई बताया है।